क्राइमटॉप न्यूज़मंडीयुवाराज्यहिमाचल प्रदेश

लडभडोल में कार खाई में गिरी, 6 की मौत!

दिनेश भोगल पब्लिक फोकस जोगिंद्रनगर!

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। लडभड़ोल तहसील के अंतर्गत एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में चार नाबालिगों समेत छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, सभी युवक देर रात पड़ोस में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। जब सुबह तक युवक घर नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की और स्थानीय पुलिस को भी इसकी सूचना दी।

इसी दौरान सुबह एक बाइक सवार युवक की नजर खाई में गिरी दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार, एसडीआरएफ की टीम और पुलिस थाना प्रभारी रणजीत कपूर पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

हादसे में इन छह युवकों की गई जान

मृतकों की पहचान आयुष राय (21) पुत्र निवासी सिमस, अनुज कुमार (18) निवासी सिमस, यश राय (14) निवासी सिमस, पंकज कुमार (17) निवासी गवाला, अर्णव ठाकुर (15) निवासी गवाला और आदित्य कुमार (17) निवासी दरोब के रूप में हुई है।

परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत

तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से सभी मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। वहीं, डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे में छह युवकों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। एक साथ छह परिवारों के चिराग बुझने से हर कोई स्तब्ध है। हादसे की खबर के बाद विधानसभा की कार्यवाही भी गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!