
पब्लिक फोकस सरकाघाट।
गोपालपुर में 19 साल की सिया गुलेरिया की गर्दन सिरफिरे ने सनक में ही काट दी है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में तो यही साफ हो पाया है कि कालेज जाती सिया को जैसे ही आरोपी विकास ने देखा तो आपा खो दिया और तैश में आकर हाथ में लिए दराट से वार कर दिया। सिया जब घायल होकर जमीन पर गिरी तो आरोपी घबरा कर घटनास्थल से भाग गया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी की जुबान खुलवाने के लिए हर हथकंडा पहली ही रात को अजमा लिया है। सिरफिरा वारदात से पहले और बाद की हर बात हू-ब-हू बता रहा है लेकिन क्राइम सीन पर बात करते समय सिर्फ इतना ही कह रहा है कि लडकी को क्यों मारा नहीं जानता है? लडकी और उसके परिवार से किसी पुरानी रंजिश को लेकर पूछे गए सवालों पर भी आरोपी यही कह रहा है कि ऐसा कुछ भी नहीं है। कालेज जाती सिया दिखी तो फिर उस पर दराट से वार कर दिया और भाग गया। लडकी पर कितने प्रहार किए इसका भी कोई हवाला नहीं दे रहा है। पुलिस के समक्ष आरोपी विकास यह भी कबूल कर रहा है कि मैंने ही मारा है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने सिरफिरे से कई तरीकों से घूमा कर सवाल पूछा लेकिन जवाब एक ही आया कि मार दिया है, क्यों मारा नहीं जानता हूं। आरोपी के इस जवाब से अब पुलिस भी दवाब में है और हत्याकांड का सच जानने के लिए नए तौर तरीके रिमांड के दौरान अजमाने की तैयारी में है।
सिया के मम्मी पापा से मिले एसपी
मंडी एसपी विनोद कुमार मंगलवार को सिया के मम्मी पापा से नैण गांव में जाकर मुलाकात की है। इस दौरान एसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि हत्याकांड की हर परत खोली जाएगी और पीडित परिवार के साथ पूरा प्रशासन खडा है। एसपी ने परिजनों का ढांढस भी बंधवाया है।
सिया के परिजनों ने नहीं जताया कोई शक
नशेडी के दराट से मौत की आगोश में सोई सिया के परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है और ना ही हत्याकांड की जांच पर कोई सवाल खडा किया है। गमगीन परिजन सदमे में हैं और फिलहाल कोई कुछ बता भी नहीं रहा है और ना ही पुलिस के अधिकारियों ने इस मामले को लेकर किसी परिजन से कोई चर्चा की है।
मोटिव तो पता लगाएंगे-
सरकाघाट के नैण गांव में हुए हत्याकांड पर मंडी एसपी विनोद कुमार ने इतना ही कहा है सिया की हत्या का उद्देश्य क्या है इसके लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी कुछ बता नहीं रहा है। रिमांड के दौरान सच्चाई पता लगाने की कोशिश की जाएगी।




