क्राइमटॉप न्यूज़हिमाचल

BIG BREAKING शिक्षा के मंदिर में खूनी वारदात!

चनौर के सरकारी स्कूल में मिड-डे मील वर्कर की दराती से हत्या, आरोपी दबोचा

पब्लिक फोकस देहरा।

कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के ग्राम पंचायत चनौर स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। स्कूल परिसर के भीतर बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार कर रही 58 वर्षीय सुलोचना देवी की तेजधार दराती से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात करीब 12:20 बजे उस समय हुई, जब स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं और बच्चे दोपहर के भोजन की तैयारी का इंतजार कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक व्यक्ति अचानक स्कूल में दाखिल हुआ और सीधे उस स्थान पर पहुंचा जहां सुलोचना देवी भोजन बना रही थीं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आरोपी ने ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार से स्कूल परिसर दहल उठा। शिक्षक और स्टाफ ने तत्काल बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गंभीर चोटों के चलते सुलोचना देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डाडासीबा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल दराती भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा हत्या के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिनदहाड़े शिक्षा के मंदिर में हुई इस जघन्य वारदात से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। अभिभावकों में भय व्याप्त है और स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!