
मंडी में इलेक्ट्रिकल बसों का ट्रायल
सोलन-शिमला और हमीरपुर में जांचे रोड़
297 बसों के लिए प्रदेश में परीक्षण
180 किलोमीटर दोड़ेंगी नई बसें
मंडी के बाद कुल्लू जाकर परख करेगी टीम
पब्लिक फोकस, शिमला।
मंडी में इलेक्ट्रिकल बसों का ट्रायल शुरू हो गया है। सोलन-शिमला और हमीरपुर के बाद अब मंडी में सुंदरनगर डिप्पों के रूटों पर परीक्षण किया जा रहा है। हाल में प्रदेश सरकार द्वारा 297 इलेक्ट्रिकल बसें खरीदी गई हैं। अब इन बसों को रूटों पर भेजा जाना है। इससे पहले विभाग द्वारा बसों का ट्रायल किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान 180 किलोमीटर तक बसों को चलाया जा रहा है। मंडी के बाद कुल्लू में ट्रायल होना हैं।
एचआरटीसी ने पहाड़ी क्षेत्रों की चुनौतियों को देखते हुए इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल चरणबद्ध तरीके से शुरू किया है। जनवरी 2026 में हैदराबाद से प्रोटोटाइप बस सोलन पहुंची थी। इसके बाद सोलन-शिमला, हमीरपुर और अन्य मार्गों पर शुरुआती परीक्षण किया गया। अब मंडी में चल रहे ट्रायल के बाद टीम कुल्लू पहुंचेगी, जहां ऊंचाई, ढलान और सड़क की स्थिति में बस की वास्तविक परफॉर्मेंस जांची जाएगी।
ट्रायल के दौरान बसें एक सिंगल चार्ज पर 180 किलोमीटर तक की दूरी तय कर रही हैं। यह रेंज पहाड़ी रूटों के लिहाज से काफी उपयोगी मानी जा रही है। जनवरी में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रोटोटाइप का निरीक्षण कर कुछ जरूरी बदलावों के निर्देश दिए थे, जिसके बाद ट्रायल और बेहतर हो गया है।
सुंदरनगर के दो रूटों पर ट्रायल
एचआरटीसी मंडी डिविजन के डीएम उत्तम ने बताया कि बुधवार को सुंदरनगर के रूटों पर ट्रायल किया गया। बस को मंडी से लेकर ब्रोखरी तक ट्रायल पर भेजा था। इसके बाद बलद्वाड़ा में ट्रायल होगा। ट्रायल की रिपोर्ट उ”ा अधिकारियों को भेजी जाएगी। मंडी के बाद कुल्लू में ट्रायल होना है।
हिमाचल के लिए खास डिजाइन
इन इलेक्ट्रिक बसों को हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यह 9 मीटर लंबी, नॉन-एसी इलेक्ट्रिक बसें हैं, जिनमें करीब 30 यात्रियों की सीटिंग हैं। एक चार्ज पर 180 किमी तक चल सकती हैं। फरवरी 2026 तक प्रोटोटाइप और शुरुआती बसें ट्रायल के लिए उपलब्ध हैं। प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के निर्बाध संचालन के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी तेजी से विकसित किया जा रहा है। प्रस्तावित 402 चार्जिंग स्टेशन हैं प्राथमिकता वाले शहरों में शिमला, धर्मशाला, मंडी, कुल्लू, मनाली, हमीरपुर, बिलासपुर, सुंदरनगर, जोगिंदरनगर आदि शामिल हैं। कई डिपो में एक साथ 4 बसों को चार्ज करने की सुविधा है।
————-