
पब्लिक फोकस शिमला।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने सिविल सर्विसेज बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए गुरुवार देर शाम 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादला एवं तैनाती आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार कई जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं, जबकि कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती दी गई है। तैनाती का इंतजार कर रहे अभिषेक दुल्लर को पुलिस महानिरीक्षक (संचार एवं तकनीकी सेवाएं) बनाया गया है। वहीं डीके चौधरी को पुलिस महानिरीक्षक (सशस्त्र पुलिस एवं प्रशिक्षण), डरोह नियुक्त किया गया है। आईजी विजिलेंस बिमल गुप्ता को इस पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। डीआईजी सौम्या सांबशिवन (उत्तरी रेंज) को पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह के प्रिंसिपल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसके अलावा रोहित मालपानी को उप पुलिस महानिरीक्षक (साइबर क्राइम), शिमला के पद पर नियुक्त किया गया है। अन्य आदेशों में डॉ. रमेश चंद्र छाजटा (एसपी लीव रिजर्व) को डीआईजी जेल एवं सुधार सेवाएं बनाया गया है। वहीं देवाकर शर्मा को डीआईजी इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी, धर्मशाला नियुक्त किया गया है। जिला स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं। एसपी सोलन गौरव सिंह को अब एसपी शिमला लगाया गया है। सचिन हीरेमठ को एसपी ऊना और तिरुमलाराजू एसडी वर्मा को एसपी सोलन बनाया गया है।

विनोद होंगे मंडी के एसपी, विजिलेंस संभालेगी साक्षी-
एचपीएस अधिकारी विनोद कुमार-1 को पुलिस अधीक्षक मंडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा को एसपी राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, मंडी नियुक्त किया गया है। अरविंद चौधरी को कमांडेंट चौथी आईआरबी जंगलबेरी लगाया गया है, साथ ही उन्हें एसटीएफ मंडी जोन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
एसपी ऊना को शिमला रिपोर्ट के आदेश-
उधर, एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी को डीआईजी पद पर पदोन्नति के बाद तत्काल प्रभाव से कार्मिक विभाग के अधीन किया गया है। एसपी ऊना अमित यादव को तुरंत पुलिस मुख्यालय शिमला रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं रमन शर्मा को भी इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी धर्मशाला से हटाकर पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने को कहा गया है।




