
पब्लिक फोकस मंडी।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जंजैहली क्षेत्र में जारी भारी बर्फबारी और तेज हवाओं के बीच पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है। पुलिस स्टेशन जंजैहली की एक टीम ने लाहगाला एवं थुनाग इलाकों में गश्त के दौरान सड़क पर फंसे लगभग 14-15 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, टीम पैट्रोलिंग के दौरान इन यात्रियों को फंसा हुआ देखकर तुरंत कार्रवाई में जुटी और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई।
मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में लगातार भारी बर्फबारी हो रही है। कांडा से जनजहली वाली सड़क फिलहाल केवल चार-पहिया ड्राइव (4×4) वाहनों के लिए ही खुली है। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ गिर गए हैं, जिससे सड़कें और अधिक जोखिम भरी हो गई हैं।
मंडी पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वह इस खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो तो केवल 4×4 वाहनों का ही इस्तेमाल करें, मौसम की लगातार जानकारी लें और सुरक्षित मार्ग चुनें।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इस मौके पर एक बार फिर साबित किया है कि विपरीत परिस्थितियों में भी आम जन की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।




