मंडीहिमाचल

भाजपा की प्रोफेशनल मीट में बोले राकेश जमवाल, “मोदी युग है परिवर्तन और विश्वास का युग”

पब्लिक फोकस मंडी।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा करसोग विधानसभा क्षेत्र के चिंडी में “विकसित भारत का अमृतकाल – सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष” विषय पर जिलास्तरीय प्रोफेशनल मीटिंग का आयोजन किया गया। इस संवादात्मक कार्यक्रम में चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षक, व्यापारी, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा प्रोफेशनल्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुन्दरनगर के विधायक राकेश जमवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सुन्दरनगर जिला अध्यक्ष हीरा लाल ने की, जबकि करसोग के विधायक दीप राज ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।

मुख्य संबोधन में विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जिस तेज़ गति से बदलाव का अनुभव किया है, वह देश के इतिहास में एक स्वर्णिम कालखंड के रूप में दर्ज हो रहा है। उन्होंने कहा, “यह मोदी युग परिवर्तन और विश्वास का युग है – जिसमें गरीब से गरीब व्यक्ति की आवाज़ को महत्व दिया गया है और विकास को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाया गया है।”

उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, जनधन योजना, और मातृत्व वंदना योजना जैसी महिला केंद्रित योजनाओं का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने नारी सशक्तिकरण को नीति के केंद्र में रखा है।

विधायक जमवाल ने युवाओं की ऊर्जा और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा योजना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और कौशल विकास मिशन जैसे कार्यक्रमों ने देश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूत आधार दिया है।

उन्होंने हाल ही में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारत की रणनीतिक क्षमता और सरकार के निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंचों पर एक सम्मानित, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में खड़ा है।

निहरी मंडल में भी आयोजित हुआ संकल्प सभा कार्यक्रम, दीप राज बोले – “मोदी सरकार की योजनाओं ने गांव-गांव में विश्वास की नींव रखी”

इसी कड़ी में भाजपा निहरी मंडल द्वारा भी संकल्प सभा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से आई जनता ने भाग लिया। यह आयोजन मोदी सरकार की 11 वर्षों की जनकल्याणकारी यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में करसोग के विधायक दीप राज मुख्य वक्ता रहे, जबकि विधायक राकेश जमवाल ने भी विशेष रूप से शिरकत की। मंडल अध्यक्ष दौलत चौहान ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

विधायक दीप राज ने कहा कि मोदी सरकार के 11 सालों में जनधन योजना से लेकर उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, हर घर जल मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने गरीब, महिला, किसान और वंचित वर्गों को सीधे सशक्त किया है।

उन्होंने कहा कि आज भारत केवल तकनीकी या सैन्य रूप से ही नहीं, बल्कि नीति और नीयत दोनों से मजबूत राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इन उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाकर 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दें।कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए ‘मेरा गांव – भाजपा के साथ’ का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!