
पब्लिक फोकस सुंदरनगर।
सुंदरनगर इंजीनियरिंग कॉलेज में अर्पित नामक लड़के द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में आरोपी बनाई गई लड़की ने जमानत के लिए सुंदरनगर कोर्ट का रूख कर लिया है। एडवोकेट महेश के सहारे आरोपी लड़की ने जमानत याचिका कोर्ट में दाखिल कर दी है। इस याचिका पर सुनवाई कब तक होगी यह तो अभी तय नहीं है लेकिन माना जा रहा है याचिका सबमिट होने के बाद पंजीकरण का प्रोसेस पूरा होते ही संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए जाएंगे और उसके बाद ही जमानत याचिका पर कोर्ट में सुनवाई होनी है। जमानत याचिका में आरोपी लड़की ने सुसाइड की रात का सच भी बताया है और यह भी कहा है कि सुसाइड करने वाला छात्र उसका शोषण कर रहा था। बेल एप्लीकेशन के सहारे आरोपी लड़की ने कोर्ट में ब्लैकमेलिंग किए जाने सहित पैसे ऐंठने का जिक्र भी किया है। इस बीच मामले की छानबीन कर रही टीम ने लड़की का लैपटॉप भी कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। आरोपी लड़की का चार जून को पेपर भी है लेकिन उसके ज्यूडिशियल रिमांड पर होने के कारण वह परीक्षा में हिस्सा नहीं ले पाएगी। दूसरी तरफ सुंदरनगर इंजीनियरिंग कॉलेज ने आरोपी लड़की के लिए अभी दरवाजे बंद नहीं किए हैं। कालेज प्रबंधन की ओर से लड़की को परीक्षा देने से कोई मनाही नहीं है।
कोर्ट दे परमिशन तो होगी परीक्षा।
सुंदरनगर इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य राजीव खंडूजा ने कहा है कि आरोपी लड़की के पेपर रह गए है। कोर्ट की तरफ से अगर उसे पेपर देने की इजाज़त मिली तो इसके पेपर करवाए जाएंगे। कॉलेज की तरफ से लड़की को निकालने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बाकी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




