
पब्लिक फोकस, मंडी।
ममता की छांव से छिटकी एक नन्ही परी को सडक पर चील कौओं ने नोच दिया है। मंडी में मानवता इस कद्र शर्मशार हुई है कि एक नवजात ने लडकी होने की सजा अपनी जान देकर चुकाई है। नवजोत परी ना अपनी मां से कोई सवाल पूछ पाई और ना ही नोचते चील कौओं का विरोध कर पाई। चंद सिसकियाँ निकली जरूर होंगी जब नन्ही जान पर मौत मंडराई होगी। नन्ही परी कब इस दुनिया में आई? और कब रवाना हो गई? अभी यह कोई नहीं जानता। पुलिस डाक्टरी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और नन्ही रूह इंसाफ की खातिर सडक पर लहुलुहान होकर सवाल पूछ रही है कि भगवान तूने इस जन्म में मुझे बिटिया क्यों कीजियो। तरनोह लिंग रोड़ पर चील-कौओं के बीच नन्ही जान को जब राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। मंडी एएसपी अभिमन्यु और थाना प्रभारी सुनील के नेतृत्व में मौके पर पुलिस पंहुची। नवजात के शव को कब्जे में लिया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए। शव का पोस्टमार्टम नेरचौक मैडिकल कॉलेज में किया गया। पुलिस पोस्मार्टम रिपोर्ट का इंताजार कर रही है। पोस्टर्माटर्म रिपोर्ट के बाद ही नवजात शिशु की उम्र, मौत के कारणों को पता लगाया जा सकता है।
राहगिरों की निगाहों में आई लहुलुहान परी।
एक राहगीर सुबह के समय काम के सिलसिले से कहीं जा रहा था । इतने में सड़क किनारे पड़े नवजात के शव को देखकर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। नवजात बच्ची का शरीर जंगली पक्षियों ने बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है।
इनसे हो रही पूछताछ।
पुलिस ने संबंधित क्षेत्र की आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और जोनल अस्पताल मंडी से भी रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हाल के दिनों में किसी गर्भवती महिला की डिलीवरी हुई थी या फिर कोई महिला अचानक गायब हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस थाना सदर मंडी को 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि तरनोह लिंक रोड़ पर एक नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अभिमन्यु वर्मा पुलिस थाना सदर मंडी की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। नवजात शिशु के शव को पुलिस कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई गई। इस संबंध में पुलिस थाना सदर मंडी में अभियोग धारा 94 बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया। अभियोग में आगामी अन्वेषण जारी है ।




