
पब्लिक फोकस हमीरपुर।
हमीरपुर में फेरी का काम करने वाले जावेद ने हमीरपुर पुलिस में जबरन वसूली और मारपीट करने की शिकायत दर्ज करवाई है, शिकायतकर्ता जावेद अहमद लोनी, निवासी कुपवाड़ा (J&K), जो वर्तमान में हमीरपुर में फेरी का काम करता है, उसने पुलिस को सूचित किया कि उन्हें कर्ज अदायगी के नाम पर ‘कतना’ नामक व्यक्ति और उसके साथियों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को डराने के लिए फर्जी फोन कॉल्स का सहारा लिया, जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को हमीरपुर police बताकर धमकाया।
दिनांक 13 जनवरी 2026 को, आरोपियों ने ग्राहक बनकर पीड़ित को जाल में फंसाया। इसके बाद 6-7 लोगों ने लाठियों से लैस होकर पीड़ित को घेर लिया, उसके साथ मारपीट की और ‘कतना’ के निर्देश पर डरा-धमकाकर ₹14,300 गूगल पे (Google Pay) के जरिए जबरन ट्रांसफर करवा लिए। साथ ही पीड़ित की जेब से ₹4,500 नकद भी लूट लिए।
थाना सदर हमीरपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 191(2), 191(3), 190, 115(2), 351(2), और 309(4) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
अब तक की जांच में यह भी सामने आया है कि इस अपराध में शामिल आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं/
किसी भी प्रवासी व्यवसायी या नागरिक के साथ हिंसा और जबरन वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फर्जी अधिकारी बनकर जनता को डराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।




