
पब्लिक फोकस, अर्की।
अर्की बाजार में आग ने तांडव मचा दिया। रात के समय लगी इस आग ने देखते ही देखते बाजार के कई भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस आगजनी में एक बच्ची जिंदा जल गया है। इसके साथ नेपाली मूल के नौ लोग लापता हैं। लापता लोगों में पांच बच्चे शामिल हैं। तीन महिलाएं आग में बुरी तरह झुलस कर घायल हुई हैं। इनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।अर्की के पुराने बस स्टैंड के साथ स्थित एक इमारत में बीती रात करीब दो बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते उसने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।इस हादसे में कपड़ों की दो दुकानें, एक जूते की दुकान, एक करियाना स्टोर और एक घड़ी की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग से प्रभावित यह इमारत पूरी तरह लकड़ी की बनी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। भवन की ऊपरी मंजिल पर दो नेपाली और एक बिहारी परिवार रह रहे थे। इस दर्दनाक हादसे में बिहारी परिवार की एक आठ वर्षीय बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई है। नेपाली परिवारों के कुल नौ लोग, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं यह सभ अभी तक लापता बताए जा रहे हैं।सूचना मिलते ही स्थानीय दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसडीआरएफ के जवानों ने भी मौके पर मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य चलाया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।




