युवाहमीरपुरहिमाचल

एडीसी अभिषेक गर्ग पहुंचे बाल आश्रम सुजानपुर, सुविधाओं का लिया जायजा, संचालकों को दिए निर्देश!

पब्लिक फोकस सुजानपुर ।

बाल आश्रम सुजानपुर के त्रैमासिक निरीक्षण के लिए गठित जिला स्तरीय निरीक्षण समिति ने बुधवार को एडीसी अभिषेक गर्ग की अगुवाई में आश्रम का दौरा करके विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।

एडीसी ने आश्रम में बच्चों के रहने, खाने-पीने, पढ़ाई-लिखाई, मनोरंजन और शौचालय इत्यादि सभी सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने संचालकों से कहा कि किशोर न्याय अधिनियम-2015 के तहत आश्रम में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। इनमें किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।

अभिषेक गर्ग ने बच्चों की डॉरमैट्री, किचन, स्टडी एवं कंप्यूटर रूम, शौचालय और राशन स्टोर में जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाल आश्रम में रह रहे बच्चों से भी बातचीत की तथा विभिन्न सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। एडीसी ने इन बच्चों को पढ़ाने के लिए ट्यूटर की व्यवस्था के बारे में भी संचालकों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि आश्रम के परिसर में विभिन्न कार्याें के लिए 15 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया गया है। इस एस्टीमेट के आधार पर जल्द ही कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर एडीसी के साथ निरीक्षण समिति के अन्य सदस्य जिला बाल संरक्षण अधिकारी तिलक राज आचार्य, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देसराज शर्मा, जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!