क्राइमटॉप न्यूज़हिमाचल

Big Breaking…नौकरी परीक्षा में नकल करवाने के चक्र में 40 गिरफ्तार, शिमला में पांच FIR. पकड़े गए आरोपी हरियाणा सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से।

पब्लिक फोकस शिमला।

हिमाचल में नौकरियों के पेपर लीक होने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि इसी बीच शिमला में बड़े पैमाने पर नकल करवाने के रैकेट का पर्दाफाश हो गया है। नकल करवाने वाले इस गिरोह के तार हरियाणा सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से जुड़े हुए हैं। इस मामले में अभी तक शिमला के विभिन्न पुलिस थानों में कुल पांच FIR दर्ज की गई हैं और 40 को गिरफ्तार किया गया है। इस पूरे ही मामले की जांच SIT को सौंप दी गई है।

नवोदय विद्यालय समिति की ओर से शिमला में आयोजित विभिन्न गैर शिक्षक पदों की भर्ती परीक्षा के दौरान एक संगठित नकल रैकेट बेनकाब हुआ है। परीक्षा में आधुनिक तकनीक के सहारे नकल कराने की बड़ी साजिश सामने आई है। शिमला पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 35 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों का संबंध हरियाणा और पड़ोसी राज्यों से है। इनके खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

नकल मामले में कुल पांच FIR.

इस पूरे मामले में शिमला के सदर, ढली, न्यू शिमला और ईस्ट शिमला थानों में कुल पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी सुनियोजित तरीके से शिमला पहुंचे और स्थानीय होटलों में रुके। इसके बाद परीक्षा केंद्रों पर ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज के जरिए नकल कराने का प्रयास किया।

भराड़ी में सात नकलची गिरफ्तार।

सदर थाना अंतर्गत चप्सली स्कूल भराड़ी परीक्षा केंद्र से सात अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मोहित (भिवानी), आशीष (रोहतक), मनीष कुमार (झज्जर), गौरव (दिल्ली), रीतू देवी (हिसार), मोहित कुमार (भिवानी) और शुभम (जींद) शामिल हैं।

पहली एफआईआर में सेंट्रल स्कूल फॉर तिब्बतियनस परीक्षा केंद्र से अंकित (चर्खी दादरी) और संदीप (भिवानी) को पकड़ा गया। दूसरी एफआईआर के तहत सेंट एडवर्ड स्कूल परीक्षा केंद्र से कुल 11 उम्मीदवारों को ब्लूटूथ डिवाइसेज और मोबाइल के साथ पकड़ा गया। इनमें प्रिंस शर्मा, दीपांशु, मोनिका, संजीव, यूनिक, साहिल, गौरव, पलाड़, कुलदीप, शिवपाल और मंगत शामिल हैं।

आठ जेसीबी स्कूल से पकड़े।

न्यू शिमला स्थित जेसीबी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र से आठ अभ्यर्थियों को पकड़ा गया। इनमें राकेश कुमार, कुलविंदर, मोहित, तरुण, प्रवीन कुमार, रॉकी, परवीन और अमनदीप शामिल हैं। इन सभी के पास से आधार कार्ड व पैन कार्ड सहित पहचान दस्तावेज भी बरामद किए गए।

12 के खिलाफ ढली में मामला।

ढली थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल से 12 अभ्यर्थियों को पकड़ा गया। इनमें राहुल (हिसार), अजय (फतेहाबाद), नितिन (सोनीपत), संदीप कुमार (महेंद्रगढ़), आकाश (भिवानी), शिवम (दिल्ली), दिनेश नैन (जींद), के.एम. कल्पना (सोनीपत), मोनू (बागपत), पूजा (राजस्थान), रोनम (अलवर) सहित अन्य शामिल हैं। रॉकी, परवीन और अमनदीप शामिल हैं। इन सभी के पास से आधार कार्ड व पैन कार्ड सहित पहचान दस्तावेज भी बरामद किए गए।

जांच में यह भी हुआ खुलासा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी परीक्षा केंद्रों में अत्याधुनिक ब्लूटूथ डिवाइसेज छुपाकर लाए थे। इन्हीं उपकरणों के सहारे उन्हें बाहर से उत्तर बताए जा रहे थे। कुछ केंद्रों पर जब परीक्षकों को अभ्यर्थियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, तो तलाशी में यह डिवाइसेज बरामद हुए।

SIT की कमान नेगी को, टीम में कुल आठ।

इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच के लिए शिमला पुलिस ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है, जिसकी कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन नेगी को सौंपी गई है। आठ सदस्यीय यह टीम पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल हैं, क्या इन्हें स्थानीय स्तर पर सहयोग मिला और क्या ये गिरोह अन्य राज्यों में भी इसी तरह की परीक्षाओं में सक्रिय रहा है।

गांधी बोले SIT कर रही जांच।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने कहा कि एसआईटी इस मामले की तह तक जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी और व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!