
पब्लिक फोकस मंडी।
अखिल भारतीय दलित पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के महासचिव एवं राज्य प्रवक्ता चमन राही ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के उस फैसले का स्वागत करते हैं जिसमें उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के फेरबदल करने के संकेत दिए हैं। चमन राही ने कहा कि पिछली जयराम सरकार के समय से प्रशासनिक अधिकारी व कई विभागों में अधिकारी व कर्मचारी तैनात हैं, जो वर्तमान सत्ता पक्ष के कार्यों को समयबद्ध पूरा करने में अडंगे डालते हैं। इस कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है। हम परिषद की ओर से मांग करते हैं कि वर्षों से एक ही आफिस और एक ही स्टेशन पर एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय में जिला मुख्यालय के इर्द गिर्द ही स्थानान्तरण के समायोजन करवा कर कार्यरत हैं। इस कारण सत्ता पक्ष के पदाधिकारी और कार्यकर्ता परेशान हैं। चमन राही ने कहा कि परिषद मांग करती है कि लंबे समय से दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले मेहनती लोगों को जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़ा व अल्पसंख्यक समुदाय के कर्मचारी व अधिकारियों को स्थानांतरण में इच्छित स्टेशन के लिए प्राथमिकता दी जाए। चमन राही ने कहा कि फेरबदल की शुरुआत जिला मंडी से होनी चाहिए। चमन राही ने कहा कि कांग्रेस सरकार जिला उपायुक्त मंडी को निर्देश दे कि दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यक लोगों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को शीघ्र अति शीघ्र सुचारू करवाए, ताकि इसका सीधा लाभ लोगों को मिल सके।




